दुमका, 29 सितम्बर: विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष श्रद्धेय अशोक सिंघल जी का जन्म शताब्दी वर्ष कार्यक्रम दुमका स्थित सिद्धु कान्हू इंडोर स्टेडियम में गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में संथाल परगना के सभी जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य वक्ताओं और अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। दीप प्रज्वलन करने वालों में विहिप के क्षेत्र संगठन मंत्री माननीय विजय प्रताप जी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत सह कार्यवाह श्री प्रमोद जी, विहिप के प्रांत सहमंत्री मनोज जी व राम नरेश जी, प्रख्यात जनरल फिजिशियन डॉ बागीश जी,जिला संघचालक जी, विभाग सहमंत्री विक्रम जी (देवघर) और विभाग मंत्री अरविंद जी (साहेबगंज) प्रमुख रूप से शामिल रहे।
कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए प्रांत सहमंत्री मनोज जी ने बताया कि अशोक सिंघल जी के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य उनके जीवन मूल्यों और प्रेरणादायी विचारों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाना है।
संघ के प्रांत सह कार्यवाह श्री प्रमोद जी ने श्रद्धेय अशोक सिंघल जी से जुड़े संस्मरणों को साझा करते हुए आज की युवा पीढ़ी को उनके आदर्शों और जीवन मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता क्षेत्र संगठन मंत्री श्री विजय प्रताप जी ने अपने संबोधन में कहा कि अशोक सिंघल जी एक कुशल संगठक, भारतीय ऋषि परंपरा के संवाहक और सहजता, त्याग, तपस्या व ध्येयनिष्ठा के प्रतीक थे। अत्यंत संपन्न परिवार से आने के बावजूद उन्होंने देश, धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए सभी सुख-सुविधाओं का त्याग कर दिया। उन्होंने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा सादगी से बिताकर देश भर में राष्ट्रभक्ति की अलख जगाई। श्री विजय प्रताप जी ने रेखांकित किया कि राम मंदिर निर्माण के मार्ग को प्रशस्त करने में अशोक जी की भूमिका ऐतिहासिक और निर्णायक रही। उन्होंने सभी से जाति-पात और ऊंच-नीच के बंधनों से ऊपर उठकर धर्म और राष्ट्र की रक्षा के लिए एकजुट रहने का भावपूर्ण आह्वान किया।
इस अवसर पर विहिप के प्रांत विमर्श टोली सदस्य अशोक वर्मा जी, साहेबगंज विभाग कार्यवाह मृत्युंजय जी, दुमका जिलाध्यक्ष संजीव गोराई, देवघर जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव जी, साहेबगंज जिला मंत्री गोपी जी, जामताड़ा जिला मंत्री संजय जी, गोड्डा जिला मंत्री विवेक जी, दुमका जिला कोषाध्यक्ष इंद्रदेव चौरसिया, संपर्क प्रमुख रंजीत कुमार, विशेष संपर्क प्रमुख लालचंद कुमार और गौरक्षा प्रमुख सकलदेव यादव सहित विभिन्न जिलों के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।