रणडांगा स्कूल के एसएमसी चुनाव में 6 वोट का पेच, अभिभावकों ने मांगा पुनः मतदान
337 मतपत्र मिले, उपस्थिति रजिस्टर में 331 प्रविष्टियां; डीईओ से परिणाम रोकने की मांग
उत्क्रमित विद्यालय रणडांगा पाकुड़ में 29 अगस्त को हुए विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के चुनाव को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। छात्र-छात्राओं के अभिभावकों ने जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को आवेदन देकर चुनाव परिणाम पर तत्काल रोक लगाने और पुनः निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की है। अभिभावकों का आरोप है कि मतदान के दौरान करीब दो बजे पर्यवेक्षक विद्यालय से चले गए और बाद में लौटने पर करीब 2:15 बजे निर्धारित समय समाप्त होने की बात कहते हुए मतदान बंद करा दिया। उस समय भी विद्यालय के बाहर कई अभिभावक मतदान के लिए मौजूद थे, जिन्हें मतदान का अवसर नहीं मिल सका।
आवेदन के अनुसार मतगणना में चार उम्मीदवारों को कुल 337 मत मिले, जबकि अभिभावक हस्ताक्षर/उपस्थिति रजिस्टर में 331 प्रविष्टियां ही होने का दावा किया गया है। इस तरह छह मतों का अंतर सामने आया। अभिभावकों ने इसे चुनाव की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल बताते हुए परिणाम पर रोक लगाने की मांग की है।
अभिभावकों ने यह भी बताया कि प्रधानाध्यापक ने कथित गड़बड़ी को लेकर विभागीय कार्यालय में आवेदन दिया है। उन्होंने सभी पात्र अभिभावकों को मतदान का अवसर देते हुए प्रशासनिक निगरानी में पुनः एसएमसी चुनाव कराने की मांग की है।