Sunday, October 18, 2026
Homeआध्यत्मिकभक्ति,परंपरा और आस्था के साथ बागतीपाड़ा में मनसा पूजा का आयोजन।

भक्ति,परंपरा और आस्था के साथ बागतीपाड़ा में मनसा पूजा का आयोजन।

भक्ति,परंपरा और अटूट आस्था के साथ बागतीपाड़ा पाकुड़ स्थित प्राचीन मनसा मंदिर में सर्पों की देवी मां मनसा की पूजा-अर्चना धूमधाम से संपन्न हुई।सात दिवसीय मनसा गान के समापन के बाद संधि पूजा के शुभारंभ के साथ विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा का आयोजन किया गया। मुख्य पुजारी रामू राय एवं छोटे पुजारी रतन राय ने धार्मिक अनुष्ठानों के बीच कलश स्थापना कर मां मनसा की पूजा-अर्चना कराई।
मनसा पूजा को लेकर प्रातःकाल से ही बागतीपाड़ा एवं मालगोदाम रोड का पूरा इलाका भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। पाकुड़ नगर के विभिन्न मोहल्लों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां मनसा के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए बागतीपाड़ा पहुंचे। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही और जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के अनुसार मां मनसा को विषहरी देवी के रूप में भी जाना जाता है। मान्यता है कि मां मनसा की श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना करने से परिवार विषैले जीव-जंतुओं के भय एवं विष के प्रभाव से सुरक्षित रहता है। बागतीपाड़ा एवं आसपास के क्षेत्रों में मां मनसा के प्रति लोगों की आस्था वर्षों से जुड़ी हुई है। पूजा के दौरान पुरानी परंपराओं का विशेष रूप से पालन किया जाता है। परंपरा के अनुसार प्रत्येक परिवार का एक सदस्य निर्जला उपवास रखकर मां की आराधना करता है और पूजा-अर्चना पूर्ण होने के बाद ही जल ग्रहण करता है।
पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने मां मनसा के पूजा कलश को सिर पर धारण कर पूरे मोहल्ले का भ्रमण किया। इस पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान में शम्भू बागती, कार्तिक राय, कृतिवास राय, तपन राय, कुंदन साव, लाल्टू राय, कन्हैया रजक, आशीष राय,मरांग राय,डब्ल्यू राय,देव राय, सन्नी राय एवं गोला बागती सहित अन्य श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कलश भ्रमण के बाद सभी श्रद्धालुओं ने मनसा माता कुंड में स्नान किया और पुनः मंदिर परिसर पहुंचे। इसके बाद अग्निपथ पर नृत्य करते हुए श्रद्धालुओं ने मंदिर में प्रवेश किया और पूरे भक्तिभाव एवं श्रद्धा के साथ मां मनसा की पूजा-अर्चना की।
मनसा पूजा के अवसर पर बागतीपाड़ा एवं मालगोदाम रोड में भव्य मेले का भी आयोजन हुआ। मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें, खिलौने एवं मनोरंजन के साधन लगाए गए थे। बच्चों के साथ-साथ श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह एवं उल्लास देखने को मिला। पूरे दिन मेला क्षेत्र में चहल-पहल बनी रही।
आयोजन को सफल बनाने में प्रेमचंद साहा, असीत दास, सर्वेश्वर झा, हिसाबी राय, छोटन मेहरा, अमित घोष, बच्चु राय, गोविंद गुप्ता, रणवीर सिंह, राहुल राय, जीत राय, शुकू मंडल, बामा बागती, विधान राय एवं विष्णु राय सहित अन्य लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने सुख, शांति, समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना करते हुए मां मनसा से आशीर्वाद मांगा।

Comment box में अपनी राय अवश्य दे....

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments