*विद्यालय परिसर के आसपास चलाया स्वच्छता अभियान, मुख्य सड़क के गड्ढों को गिट्टी, स्टोन डस्ट व सीमेंट से भरा*
पाकुड़। “स्वच्छता ही सेवा, स्वच्छता में सहभागिता एवं स्वच्छ भारत-विकसित भारत 2026” अभियान के तहत स्थानीय विद्यालय डीएवी पब्लिक स्कूल गोकुलपुर, पाकुड़ के एनसीसी कैडेट एवं विद्यार्थियों ने गुरुवार को स्वच्छता और जनसेवा की अनूठी मिसाल पेश की। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया तथा मुख्य सड़क पर स्थित गड्ढों की मरम्मत का कार्य भी किया।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने सृष्टि पेट्रोल पंप के समीप डीएवी रोड पर बने गड्ढों को चिह्नित कर उनमें गिट्टी, स्टोन डस्ट एवं सीमेंट डालकर भरने का कार्य किया। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों के कारण विद्यालय आने-जाने वाले विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं राहगीरों को आवागमन में परेशानी होती थी। विद्यार्थियों ने स्वयं श्रमदान करते हुए इन गड्ढों को भरकर सड़क को सुगम बनाने का प्रयास किया।
इस अवसर पर एनसीसी कैडेटों एवं विद्यार्थियों ने स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए यह संदेश दिया कि स्वच्छ एवं सुरक्षित परिवेश के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। विद्यार्थियों ने न केवल विद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया, बल्कि सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता और सड़क सुरक्षा के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया।
प्राचार्य डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती ने विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, सेवा भावना, अनुशासन और नागरिक कर्तव्य की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे सामूहिक प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव का आधार बन सकते हैं।
एनसीसी कैडेटों और विद्यार्थियों के इस श्रमदान से अभियान में सेवा, स्वच्छता और सामाजिक सहभागिता का संदेश स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। विद्यालय परिवार के इस प्रयास की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की।