।। प्रेस विज्ञप्ति ।।
*अखिल भारतीय तेली महासभा, पाकुड़ की नई प्रखंड कार्यकारिणी का हुआ भव्य गठन*
————————————-
पाकुड़ जिला अंतर्गत बड़ी अलीगंज स्थित श्री राजू नन्दन साहा जी के आवासीय परिसर में आज अखिल भारतीय तेली महासभा (पाकुड़ नगर/प्रखंड) की तृतीय बैठक अत्यंत सौहार्दपूर्ण एवं गरिमामयी वातावरण में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी श्री बानेश्वर साह ने की।
बैठक का मुख्य आकर्षण प्रखंड स्तरीय चुनाव प्रक्रिया रही, जो चुनाव पर्यवेक्षकों श्री अनिल साह एवं श्री अशोक कुमार साह के कुशल और पारदर्शी नेतृत्व में सुचारू रूप से सम्पन्न करायी गई। पूरी सभा ने चुनाव प्रक्रिया और पर्यवेक्षकों के निष्पक्ष संचालन की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए इसका अनुमोदन किया।
सर्वसम्मति से पाकुड़ प्रखंड के लिए समाज के कर्मठ और समर्पित व्यक्तियों को नई कार्यकारिणी का दायित्व सौंपा गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का जोरदार स्वागत किया गया।
नवनिर्वाचित प्रखंड कार्यकारिणी समिति (कार्यक्षेत्र – पाकुड़ प्रखंड):
*प्रखंड अध्यक्ष- श्री कुमार शान्तनु*
*प्रखंड उपाध्यक्ष- श्री दिनेश साहा*
*महामंत्री- श्री राजेश कुमार साहा*
*प्रखंड सचिव- श्री अजय कुमार साहा*
*मीडिया प्रभारी- श्री कालीचरण साहा*
*संयोजक- श्री कृष्णा कुमार साहा एवं श्री हुकुमचंद साहा*
इस अवसर पर अपने उद्बोधन में नवनिर्वाचित प्रखंड अध्यक्ष श्री कुमार शान्तनु सहित सभी प्रतिनिधियों ने समाज के प्रति पूर्ण निष्ठा, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का दृढ़ संकल्प दोहराया। उन्होंने तैलिक समाज को एकजुट कर चहुंमुखी विकास की दिशा में अग्रसर होने का आह्वान किया, जिसका उपस्थित सभी प्रबुद्धजनों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
बैठक के दौरान पिछले प्रस्तावों पर भी व्यापक चर्चा की गई और आगामी कार्ययोजना निर्धारित की गई। इसमें मुख्य रूप से नगर कमिटी के चयन का मार्ग प्रशस्त करने, समाज के विशिष्ट व्यक्तियों को संगठन में सक्रिय भूमिका देने, तथा एक संगठित और सशक्त समाज के निर्माण में जुड़ने के महत्व व आवश्यकता पर जोर दिया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने समाज की उन्नति के लिए पूर्ण निष्ठा के साथ आपसी सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।
सभा का समापन अध्यक्ष श्री बानेश्वर साह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि समिति की अगली बैठक आगामी 13 अगस्त 2026 को सन्ध्या 8:00 बजे से बैंक कॉलोनी, पाकुड़ में आयोजित होगी, जिसमें सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।