Monday, May 25, 2026
Homeप्रेरकमोनिता कुमारी के नेतृत्व में पाकुड़ में महिलाओं का संकल्प, सैकड़ों ने...

मोनिता कुमारी के नेतृत्व में पाकुड़ में महिलाओं का संकल्प, सैकड़ों ने किया पौधारोपण

पाकुड़: *अखिल भारतीय वीरांगना सशक्तिकरण परिषद* के बैनर तले आज सैकड़ों महिलाओं ने पाकुड़ के पुलिस केंद्र परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और संतुलन बनाए रखने का सशक्त संदेश दिया। इस अवसर पर नवगठित संगठन से जुड़ी महिलाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
इस पूरे आयोजन में महिला समाजसेवी एवं पूर्व पार्षद सह संगठन की संस्थापक *श्रीमती मोनिता कुमारी* की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण और नेतृत्वकारी रही। उनके मार्गदर्शन और पहल पर ही इस अभियान का आयोजन संभव हो सका। मोनिता कुमारी ने न केवल कार्यक्रम की अगुवाई की, बल्कि स्वयं महिलाओं को प्रेरित कर बड़ी संख्या में जोड़ने का कार्य भी किया, जिससे यह कार्यक्रम सफल और प्रभावशाली बन पाया।
मोनिता कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है और पौधारोपण जैसे छोटे-छोटे प्रयास से बड़ा बदलाव संभव है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार एक मां अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उनके भरण-पोषण और परवरिश पर विशेष ध्यान देती है, उसी प्रकार हमें भी पौधों की देखभाल करनी होगी, ताकि वे वृक्ष बनकर समाज को लाभ पहुंचा सकें।
उन्होंने आगे कहा कि यह अभियान सिर्फ शुरुआत है। परिषद के बैनर तले एक वर्ष में 1000 पौधे लगाने का संकल्प लिया गया है, जिसे सभी सदस्य मिलकर पूरा करेंगे।
*मोनिता कुमारी* ने स्पष्ट किया कि यह संगठन किसी भी प्रकार का राजनीतिक मंच नहीं है, बल्कि महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण के उद्देश्य से बनाया गया है। उन्होंने सभी इच्छुक महिलाओं से इस संगठन से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि हर महिला का इसमें हार्दिक स्वागत है।
उन्होंने संगठन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि परिषद का मुख्य लक्ष्य समाज की उन महिलाओं की सहायता करना है जो घरेलू हिंसा की शिकार हैं, बाल विवाह जैसी कुरीतियों को रोकना, किसी भी प्रकार के उत्पीड़न से जूझ रही महिलाओं को सहयोग प्रदान करना तथा समाज में फैली विभिन्न कुप्रथाओं से प्रभावित महिलाओं को सशक्त बनाना है।
इस दौरान परिषद की *जिलाध्यक्ष रश्मि सिंह* ने भी अपने विचार रखते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला और महिलाओं से ऐसे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भवानी सिंह, लक्ष्मी देवी, अंजली सिंह, मीरा देवी सहित सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

Comment box में अपनी राय अवश्य दे....

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments