Wednesday, August 5, 2026
Homeसमाचार*पूर्व रेलवे के निरंतर प्रयासों से माल ढुलाई प्रदर्शन में उल्लेखनीय वृद्धि*

*पूर्व रेलवे के निरंतर प्रयासों से माल ढुलाई प्रदर्शन में उल्लेखनीय वृद्धि*

ईआर/प्रेस विज्ञप्ति : 2026/08/16

प्रतिदिन लाखों यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुँचाने के लिए प्रसिद्ध पूर्व रेलवे ने यह सिद्ध किया है कि उसकी क्षमता केवल यात्री सेवाओं तक सीमित नहीं है। अपनी माल ढुलाई सेवाओं में निरंतर वृद्धि के माध्यम से पूर्व रेलवे अर्थव्यवस्था को गति देने, क्षेत्रीय उद्योगों को समर्थन प्रदान करने तथा स्थानीय समुदायों को प्रत्यक्ष लाभ पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। रेलवे जोन ने अपनी माल परिवहन क्षमता का विस्तार करते हुए वर्ष-दर-वर्ष उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है, जिससे क्षेत्र की औद्योगिक आपूर्ति शृंखला और अधिक मजबूत हुई है।

1 अप्रैल, 2026 से 31 जुलाई, 2026 की अवधि के माल परिवहन के आँकड़ों का 1 अप्रैल, 2025 से 31 जुलाई, 2025 की समान अवधि से तुलनात्मक विश्लेषण सभी प्रमुख परिचालन मानकों में उल्लेखनीय प्रगति को दर्शाता है। चालू वित्तीय वर्ष के पहले चार महीनों के दौरान विभिन्न वस्तुओं की कुल 33.391 मिलियन टन माल लदान दर्ज किया गया, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में यह 32.599 मिलियन टन था। इस प्रकार माल लदान में 2.43 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

माल ढुलाई की इस वृद्धि के परिणामस्वरूप माल राजस्व भी बढ़कर ₹3,192.97 करोड़ हो गया, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में यह ₹3,044.11 करोड़ था। इस प्रकार माल राजस्व में 4.89 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

आयातित कोयले का परिवहन इस उपलब्धि का प्रमुख आधार रहा। आयातित कोयले की लदान मात्रा में 7.29 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो पिछले वित्तीय वर्ष के 21.567 मिलियन टन से बढ़कर चालू वित्तीय वर्ष में 23.14 मिलियन टन हो गई। इसके परिणामस्वरूप कोयला माल ढुलाई से प्राप्त राजस्व में 13.22 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि हुई और यह बढ़कर ₹2,263.20 करोड़ हो गया, जबकि वर्ष 2025 की समान चार माह की अवधि में यह ₹1,998.95 करोड़ था। यह उपलब्धि थोक ऊर्जा लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में पूर्व रेलवे की बढ़ती भागीदारी और सुदृढ़ होती बाजार स्थिति को रेखांकित करती है।

माल ढुलाई के इस निरंतर बेहतर प्रदर्शन का प्रत्यक्ष लाभ स्थानीय अर्थव्यवस्था और आम जनजीवन को प्राप्त हो रहा है। कोयले की निर्बाध आपूर्ति से घरों, अस्पतालों तथा औद्योगिक प्रतिष्ठानों को निरंतर विद्युत उपलब्ध हो रही है। रेल के माध्यम से किफायती माल परिवहन स्थानीय बाजारों में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को स्थिर बनाए रखने में सहायक है। व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं, वहीं अतिरिक्त राजस्व के माध्यम से पूर्व रेलवे पटरियों के आधुनिकीकरण, स्टेशनों पर स्वच्छ एवं बेहतर यात्री सुविधाओं के विकास तथा आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण में निरंतर निवेश कर रहा है, जिसका लाभ प्रतिदिन लाखों यात्रियों को प्राप्त हो रहा है।

पूर्व रेलवे सतत एवं समावेशी क्षेत्रीय विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अपने माल परिवहन नेटवर्क के विस्तार तथा सेवाओं के निरंतर सुदृढ़ीकरण के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

Comment box में अपनी राय अवश्य दे....

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments