Tuesday, July 28, 2026
Homeसमाचाररेलवे भूमि पर चारदीवारी निर्माण पर विभाग करे सकारात्मक पहल : हिसाबी...

रेलवे भूमि पर चारदीवारी निर्माण पर विभाग करे सकारात्मक पहल : हिसाबी राय

रेलवे भूमि पर चारदीवारी निर्माण एवं स्वच्छता व्यवस्था की मांग, वरिष्ठ मंडलीय अभियंता (समन्वय) हावड़ा को सौंपा गया आवेदन

पाकुड़ रेलवे स्टेशन के ईस्ट केबिन के निकट स्थित भूमिगत पथ (अंडरपास) के समीप रेलवे की खाली भूमि पर फैली गंदगी, अवैध रूप से कचरा फेंके जाने की समस्या तथा रेलवे परिसंपत्तियों की सुरक्षा को लेकर भाजपा के जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय ने वरिष्ठ मंडलीय अभियंता (समन्वय), पूर्व रेलवे, हावड़ा कार्तिक सिंह को एक विस्तृत आवेदन सौंपकर उक्त स्थल पर अविलंब सुदृढ़ चारदीवारी निर्माण कराने की मांग की है।जिसकी प्रतिलिपि वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता,पर्यावरण एवं रखरखाव प्रबंधन,पूर्व रेलवे हावड़ा सत्येंद्र तिवारी को भी दिया गया है।

आवेदन में श्री राय ने बताया है कि अंडरपास के समीप स्थित रेलवे की खाली भूमि पर पिछले कई वर्षों से स्थानीय बाजार के कुछ दुकानदारों एवं अन्य लोगों द्वारा सड़ा-गला भोजन, घरेलू एवं व्यावसायिक कचरा सहित विभिन्न प्रकार के अपशिष्ट पदार्थ लगातार फेंके जा रहे हैं। इससे पूरे क्षेत्र में असहनीय दुर्गंध फैल रही है और प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले रेल यात्रियों, स्थानीय नागरिकों, स्कूली बच्चों तथा राहगीरों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि यह स्थिति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन की भावना के विपरीत है। कचरे के लगातार जमाव के कारण मच्छर, मक्खी एवं अन्य रोगजनक जीवाणुओं का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड सहित अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। इसे जनस्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा अत्यंत गंभीर विषय बताया गया है।

आवेदन में रेलवे सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया है। श्री राय ने उल्लेख किया है कि उक्त स्थल के नीचे रेलवे के सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग के महत्वपूर्ण केबल बिछे हुए हैं। कचरे के ढेर में समय-समय पर आग लगा दिए जाने की घटनाओं से इन केबलों को नुकसान पहुंचने का खतरा बना रहता है। इससे रेलवे परिचालन प्रभावित होने के साथ-साथ किसी बड़ी दुर्घटना अथवा आर्थिक क्षति की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष ने वरिष्ठ मंडलीय अभियंता से मांग की है कि जनहित, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा रेलवे सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अंडरपास के समीप रेलवे भूमि पर शीघ्र सुदृढ़ चारदीवारी का निर्माण कराया जाए। साथ ही नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, कचरा फेंकने वालों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाए तथा स्थल पर चेतावनी संबंधी सूचना बोर्ड भी लगाए जाएं।

श्री राय ने विश्वास व्यक्त किया कि रेलवे प्रशासन इस गंभीर जनहित एवं सुरक्षा से जुड़े विषय पर संवेदनशीलता के साथ शीघ्र कार्रवाई करेगा। इससे न केवल स्थानीय नागरिकों और रेल यात्रियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिलेगा, बल्कि रेलवे की महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी।

Comment box में अपनी राय अवश्य दे....

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments