Monday, September 21, 2026
Homeसमाचारपाकुड़ की औद्योगिक व्यस्तता वाली सड़कों पर घूमते - बैठते पशु हादसों...

पाकुड़ की औद्योगिक व्यस्तता वाली सड़कों पर घूमते – बैठते पशु हादसों को देते हैं मौन आमंत्रण , प्रशासन से बचाव ढूँढने की माँग।

राष्ट्रीय संगठन रामभक्त सेवा दल ने सौंपा ज्ञापन, सड़क सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

जिले में सड़कों पर खुलेआम घूमने वाले पशुओं के कारण बढ़ रही दुर्घटनाओं को लेकर राष्ट्रीय संगठन रामभक्त सेवा दल के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रीतम सिंह यादव ने उपायुक्त मेघा भारद्वाज को एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की गई है। प्रीतम सिंह यादव ने अपने पत्र में कहा है कि जिले के कई इलाकों में पशुपालक अपने मवेशियों को खुले में छोड़ देते हैं। दिनभर इधर-उधर घूमने वाले ये पशु शाम होते ही मुख्य सड़कों, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्ग और शहर के विभिन्न मार्गों पर बैठ जाते हैं, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। उन्होंने बताया कि विशेष रूप से रात के समय सड़क पर बैठे पशु दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं। अचानक पशुओं के सामने आ जाने से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों की जान जोखिम में पड़ जाती है। इसके अलावा बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ज्ञापन में प्रशासन से कई महत्वपूर्ण मांगें भी की गई हैं। इनमें लापरवाह पशुपालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने, नगर परिषद, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम बनाकर सड़कों से आवारा पशुओं को हटाने, पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने और पशुओं के गले में रिफ्लेक्टिव पट्टियां लगाने की मांग शामिल है। प्रीतम सिंह यादव ने कहा कि यह केवल पशुओं से जुड़ा मामला नहीं है, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा का विषय भी है। उन्होंने जिला प्रशासन से इस दिशा में जल्द से जल्द ठोस कदम उठाने की अपील की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करेगा, ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Comment box में अपनी राय अवश्य दे....

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments