भव्य महाआरती में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, नृत्य प्रतियोगिता में कलाकारों ने बांधा समां
रेलवे मैदान पाकुड़ में सार्वजनिक गणेश पूजा समिति द्वारा आयोजित 28वें गणपति महोत्सव के दूसरे दिन बुधवार को भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही रेलवे मैदान में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। शाम को पूजा-अर्चना के उपरांत बाबा गणपति जी की भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
महाआरती के दौरान पूरा रेलवे मैदान भक्तिमय वातावरण में डूब गया। गाजे-बाजे और जयकारों के बीच बाबा गणपति जी की आरती की भव्यता देखते ही बन रही थी। पुरोहित सजल चटर्जी एवं शुभो सहाना ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं महाआरती संपन्न कराई। आरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
दीप प्रज्ज्वलित कर सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ
महाआरती के उपरांत सांस्कृतिक संध्या का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन अनुमंडल पदाधिकारी साइमन मरांडी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव, सहायक उपाध्यक्ष डीबीएल ब्रजेश कुमार, वार्ड पार्षद निभा देवी, ईआरएमयू अध्यक्ष अखिलेश कुमार चौबे, सचिव संजय कुमार ओझा, सहायक स्टेशन प्रबंधक कुमार विकास एवं राणा शुक्ला ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काटकर किया।
मंचासीन अतिथियों का स्वागत अविनाश पंडित, अजीत कुमार, तन्मय पोद्दार, पिंटू हाजरा, राज चौधरी, अंकित शर्मा, बुवाई रजक एवं अंकित मंडल ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर किया।
विभिन्न जिलों से पहुंचे कलाकारों ने दी शानदार प्रस्तुति
सांस्कृतिक संध्या के मुख्य आकर्षण नृत्य प्रतियोगिता में कोलकाता, मालदा, रामपुरहाट, जंगीपुर, भागलपुर एवं साहिबगंज सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कलाकारों ने हिस्सा लिया। कोलकाता से आए नृत्य निर्णायक उज्ज्वल हालदार एवं शंकर लाल साहा ने प्रतियोगिता की जिम्मेदारी संभाली, जबकि उद्घोषक कैलाश मध्यान्ह ने कार्यक्रम को जीवंत बनाए रखा।
प्रतियोगिता में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक नृत्य प्रस्तुतियां देकर उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। विशेष रूप से छोटे-छोटे नवोदित बाल कलाकारों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने खूब तालियां बटोरीं। बच्चों के आत्मविश्वास और शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों को देर तक बांधे रखा।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
कार्यक्रम के दौरान रेलवे मैदान दर्शकों से खचाखच भरा रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं दर्शकों की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की थी। निरीक्षक-सह-प्रभारी अनिल गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस बल ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल रखी थी। वहीं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी रवि राकेश ने कार्यक्रम स्थल के चप्पे-चप्पे पर नजर बनाए रखी।
कार्यक्रम का संचालन अनिकेत गोस्वामी ने किया। आयोजन को सफल बनाने में पूजा के संस्थापक हिसाबी राय,संजय कुमार राय, रणजीत राम,निर्भय कुमार सिंह,नितिन मंडल, रवि पटवा, अग्नि अंश राज, अभिषेक कुमार, कृष्ण घोष, रतुल दे एवं साकेकुल आलम सहित समिति के सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
गणपति महोत्सव के दूसरे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने रेलवे मैदान को देर रात तक उत्सव के रंग में रंगे रखा। भक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के इस सुंदर संगम ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।