*जिला जनसंपर्क कार्यालय, पाकुड़*
==========================
*प्रेस विज्ञप्ति संख्या:- 144*
===========================
*दिनांक:30-01-2026*
============================
*भेदभाव और कलंक के खिलाफ शून्य सहनशीलता का संकल्प: उपायुक्त*
*उपायुक्त की जिलेवासियों से अपील: मिलकर बनाएं पाकुड़ को कुष्ठ रोग मुक्त*
जिले में कुष्ठ रोग के पूर्ण उन्मूलन को लेकर आज 30 जनवरी से विशेष महाअभियान की शुरुआत की जाएगी। इस अभियान के तहत रोग की शीघ्र पहचान, समुचित उपचार एवं सामाजिक जागरूकता पर विशेष जोर दिया जाएगा।
इस अवसर पर *उपायुक्त श्री मनीष कुमार* ने कहा कि “कुष्ठ रोग एक पूरी तरह से इलाज योग्य बीमारी है। समय पर पहचान और नियमित उपचार से इसे पूर्ण रूप से ठीक किया जा सकता है। जिला प्रशासन इस अभियान में कोई कसर नहीं छोड़ेगा और उपलब्ध सभी संसाधनों का उपयोग कर प्रत्येक संभावित रोगी तक पहुंच सुनिश्चित की जाएगी।”उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान घर-घर सर्वेक्षण, संदिग्ध मामलों की पहचान, त्वरित जांच एवं निःशुल्क उपचार की व्यवस्था की जाएगी, ताकि कोई भी व्यक्ति इलाज से वंचित न रहे।उपायुक्त ने समाज में फैले भेदभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि “कुष्ठ रोग से प्रभावित व्यक्तियों एवं उनके परिवारजनों के साथ भेदभाव करना पूर्णतः गलत और अमानवीय है। हमें व्यक्तिगत एवं सामूहिक रूप से इस बीमारी से जुड़े कलंक और भेदभाव को समाप्त कर प्रभावित लोगों को सम्मान के साथ समाज की मुख्यधारा से जोड़ना होगा।” उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि आइए, हम सभी भेदभाव के अंत,आत्मसम्मान की रक्षा तथा कलंक के प्रति शून्य सहनशीलता का संकल्प लें। उन्होंने यह भी कहा कि कुष्ठ रोग का उपचार सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर सहज एवं निःशुल्क उपलब्ध है। अंत में उपायुक्त ने कहा कि “जनभागीदारी से ही यह अभियान सफल होगा। आइए, हम सभी मिलकर अपने जिले को कुष्ठ रोग मुक्त बनाने का दृढ़ संकल्प लें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें।”
=============================
*Teamprdpakur*