Saturday, September 19, 2026
Home Blog Page 3

भर्ती व्यवस्था में सुधार और युवाओं के अधिकार की आवाज लेकर पाकुड़ पहुंचे आंदोलनकारी छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो

29 अगस्त 2026: को झारखंड के आंदोलनकारी छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में चल रही 24 जिला भ्रमण यात्रा शनिवार को पाकुड़ पहुंची। पाकुड़ आगमन पर उन्होंने वीर शहीद सिद्धों कान्हो मुर्मू पार्क पहुंचकर अमर शहीदो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके बाद देवेंद्र नाथ महतो ने पाकुड़ के छात्रों से मुलाकात कर उन्हें संबोधित किया। उन्होंने झारखंड की मौजूदा भर्ती व्यवस्था, नियुक्ति प्रक्रियाओं में कथित अनियमितता, पेपर लीक तथा JPSC-JSSC समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े छात्रों के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने छात्रों से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और संगठित होकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने का आह्वान किया।

आंदोलनकारी छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में चल रही इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य झारखंड की भर्ती व्यवस्था में सुधार, पारदर्शी एवं भ्रष्टाचार-मुक्त नियुक्ति प्रक्रिया सुनिश्चित करना तथा युवाओं के अधिकार और भविष्य की लड़ाई को मजबूत करना है। यात्रा के माध्यम से झारखंड के 24 जिलों के छात्रों और युवाओं के बीच पहुंचकर उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक एवं संगठित करने का प्रयास किया जा रहा है।

इस दौरान पाकुड़ के JLKM नेता मार्क बास्की जी ने भी छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता जरूरी है तथा युवाओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जाना चाहिए।

देवेंद्र नाथ महतो की अगुवाई में पूरी टीम पाकुड़ जिला मुख्यालय पहुंची और यहां युवाओं एवं छात्रों से संवाद करते हुए रोजगार, भर्ती व्यवस्था और युवाओं के अधिकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं को अपने हक के लिए जागरूक और एकजुट होना होगा, तभी व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

कार्यक्रम में मो. जहांगीर अंसारी, गोल्डन हसदा, शिव कुमार मुर्मू, इलियास मुर्मू, इलियास हांसदा, राजू राय,नदीम अली समेत बड़ी संख्या में छात्र, छात्रावास में रहने वाले युवा, बुद्धिजीवी एवं बुजुर्ग उपस्थित रहे।

मौके पर उपस्थित छात्रों और युवाओं ने संकल्प लिया कि झारखंड को लूटने नहीं देंगे, युवाओं के भविष्य के साथ अत्याचार और अन्याय नहीं होने देंगे तथा भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता और युवाओं के अधिकार की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।

डीएवी विद्यालय पाकुड़ में राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन

स्थानीय विद्यालय डीएवी पब्लिक स्कूल पाकुड़ में शनिवार को विद्यालय परिसर में राष्ट्रीय खेल दिवस सह मेजर ध्यानचंद जन्म दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य डॉ विश्वदीप चक्रवर्ती द्वारा महान हॉकी खिलाड़ी एवं *हॉकी के जादूगर* मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। *खेलेगा भारत, जीतेगा भारत* थीम के तहत आयोजित इस आयोजन में प्राचार्य ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि खेल हमारे जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं। विद्यार्थियों को नियमित रूप से किसी न किसी खेल में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया। विभिन्न खेल गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने खेल भावना एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का परिचय दिया। इस विशेष अवसर पर विद्यालय के महिला शिक्षकों के बीच म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसका लुत्फ बच्चों ने उठाया। बच्चों के बीच विभिन्न प्रकार के खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

*डालसा के सभागार में पीएलवी प्रशिक्षण सह कैपेसिटी बिल्डिंग कार्यक्रम का हुआ आयोजन*

झालसा रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वाधान में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष दिवाकर पांडेय के निर्देश पर डालसा सचिव रूपा बंदना किरो की उपस्थिति में पीएलवी कैपेसिटी बिल्डिंग सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सचिव रूपा बंदना किरो ने सभी पीएलवी के कार्य की समीक्षा की गई। सचिव रूपा बंदना किरो ने सभी उपस्थित पैरा लीगल वॉलेंटियर्स को उनके कार्य कौशल को बढ़ाने ,अधिक से अधिक संख्या में वंचित योग्य व्यक्ति को कानूनी सहायता एवं सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की एवं आवश्यक दिशा निर्देश दी गई। साथ ही सभी पैरा लीगल वॉलिंटियर्स की कार्य क्षमता को मजबूत करने के उद्देश्य से कानून लाभ से संबंधित सवालों एवं समस्या का निदान की प्रक्रिया से परखा गया। मौके पर लीगल एड डिफेंस कॉन्सिल सिस्टम के चीफ सुबोध कुमार दफादार डिप्टी चीफ़ मो नुकुमुद्दीन शेख द्वारा जीरो एफआईआर दर्ज को लेकर कई बिंदु पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही एफआईआर, गिरफ्तारी, समेत कानूनी एक्ट पर जानकारी दी। मौके पर कई संख्या में पैरा लीगल वॉलिंटियर्स उपस्थित रहें।

मतदाताओं की सुविधा का रखें ध्यान , उनके नजदीकी केंद्रों पर ही हो नोटिस की सुनवाई।

*मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से की एसआईआर कार्यों की समीक्षा*

*‘होम-टू-रोल’ सत्यापन के दौरान एक परिवार के सभी मतदाताओं को एक ही मतदान केंद्र पर सूचीबद्ध करना सुनिश्चित करें—के. रवि कुमार, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी*

*मतदाताओं को प्राप्त नोटिस की सुनवाई उनके नजदीकी सुनवाई केंद्र पर सुनिश्चित करें*

*नए युवा पात्र भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए स्कूल-कॉलेजों में चलाएं विशेष अभियान*

*रांची।* मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री के. रवि कुमार ने गुरुवार को राज्य के सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत संचालित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि एसआईआर के दौरान ‘होम-टू-रोल’ सत्यापन, ‘एक परिवार–एक मतदान केंद्र’, नए पात्र भारतीय नागरिकों के पंजीकरण तथा नो-मैप एवं तार्किक विसंगति वाले मामलों के नियमानुसार निष्पादन को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि होम-टू-रोल सत्यापन के दौरान बीएलओ घर-घर जाकर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। जिन पात्र भारतीय नागरिकों का नाम अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, उनसे फॉर्म-6 एवं निर्धारित घोषणा-पत्र प्राप्त कर नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाए। साथ ही, एक ही परिवार अथवा एक ही घर के मतदाता अलग-अलग मतदान केंद्रों पर सूचीबद्ध हैं तो आवश्यकतानुसार फॉर्म-8 भरवाकर उन्हें उनके नजदीकी एवं एक ही मतदान केंद्र पर सूचीबद्ध करने की कार्रवाई की जाए। प्राप्त सभी प्रपत्रों का साथ-साथ डिजिटाइजेशन भी सुनिश्चित किया जाए।

श्री के. रवि कुमार ने नए एवं युवा पात्र भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष प्रचार-प्रसार अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्कूलों एवं कॉलेजों में विद्यार्थियों को ECINET के माध्यम से मतदाता सूची में पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाए। शिक्षण संस्थानों के सहयोग से पात्र युवाओं को फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के महत्व से अवगत कराया जाए।

उन्होंने कहा कि एसआईआर के तहत तैयार की जा रही मतदाता सूची और उससे संबंधित अभिलेखों को दीर्घकालीन महत्व के दस्तावेज के रूप में संरक्षित किया जाता है। इसलिए आम नागरिकों को इस संबंध में जागरूक किया जाए कि वे अपने तथा अपने परिवार के सदस्यों के नाम, आयु एवं अन्य विवरणों की जांच कर लें और किसी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय रहते उसका निराकरण कराएं।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि एक ही खतियान एवं उससे संबंधित वंशावली से जुड़े मतदाताओं के मामलों का समेकित रूप से परीक्षण किया जाए। माता-पिता, बच्चों एवं उनके पूर्वजों से संबंधित उपलब्ध अभिलेखों को साथ रखकर उम्र एवं पारिवारिक संबंधों से जुड़ी तार्किक विसंगतियों की जांच की जाए। इससे एक ही परिवार के सदस्यों की आयु से संबंधित असंगतियों का तार्किक एवं दस्तावेज-आधारित निराकरण संभव होगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी व्यक्ति द्वारा गलत वंशावली अथवा अन्य गलत विवरण के आधार पर मतदाता सूची में शामिल होने का प्रयास न किया जा रहा हो।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि एसआईआर के तहत जिन मतदाताओं को ईआरओ स्तर से नोटिस निर्गत किए गए हैं, उनकी सुनवाई यथासंभव मतदाता के निवास स्थान के नजदीकी सुनवाई केंद्र पर ही सुनिश्चित की जाए। सुनवाई की व्यवस्था ऐसी हो कि मतदाताओं, विशेषकर बुजुर्गों, दिव्यांगजनों तथा दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को अनावश्यक रूप से लंबी दूरी तय न करनी पड़े। साथ ही सुनवाई शिविर में वृद्ध, दिव्यांग, गर्भवती महिला एैसे व्यक्तियों को प्राथमिकता दें। संबंधित पदाधिकारी सुनवाई केंद्र, तिथि एवं समय की जानकारी मतदाता तक समय से पहुंचाना सुनिश्चित करें, ताकि वह आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अपना पक्ष रख सके।

श्री के. रवि कुमार ने कहा कि प्रत्येक नो-मैप एवं तार्किक विसंगति वाले मामले में उपलब्ध दस्तावेजों का सावधानीपूर्वक परीक्षण किया जाए। जिन मामलों में ईआरओ स्तर पर प्रथम सुनवाई के दौरान संबंधित मतदाता को आवश्यक दस्तावेज समर्पित करने के लिए अतिरिक्त समय की आवश्यकता हो, उन्हें पर्याप्त अवसर देते हुए दूसरी सुनवाई के लिए पुनर्निर्धारित किया जाए। ऐसे मामलों की अलग सूची तैयार की जाए तथा आवश्यकतानुसार फील्ड वेरिफिकेशन कर तथ्यों एवं उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर नियमानुसार निर्णय लिया जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआईआर की पूरी प्रक्रिया में पात्र मतदाताओं को पर्याप्त अवसर दिया जाना आवश्यक है। विशेष रूप से दूरस्थ, दुर्गम एवं जनजातीय बहुल क्षेत्रों में यह सुनिश्चित किया जाए कि एक भी पात्र आदिवासी, पीवीटीजी, विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह, के भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से न छूटे। आवश्यक होने पर संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी क्षेत्र भ्रमण कर ऐसे पात्र नागरिकों की पहचान करें और निर्धारित प्रपत्र एवं प्रक्रिया के माध्यम से उन्हें मतदाता सूची से जोड़ने में सहयोग करें।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि शुद्ध एवं प्रमाणिक मतदाता सूची भविष्य में नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण अभिलेखीय संदर्भ सिद्ध होगी। इसलिए प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक को एसआईआर के तहत मतदाता सूची में शामिल करने तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरणों को त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से पूरी गंभीरता के साथ कार्य किया जाए। किसी पात्र भारतीय नागरिक को भविष्य में उसके मतदाता विवरण से संबंधित किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसे ध्यान में रखते हुए सत्यापन एवं सुधार की वर्तमान प्रक्रिया को पूरी सावधानी से संपन्न किया जाए।

उन्होंने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि एसआईआर से संबंधित प्रत्येक स्तर के कार्य की नियमित समीक्षा करें। एक भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी भी अपात्र अथवा विदेशी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो, इस मूल उद्देश्य के अनुरूप सभी ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं बीएलओ समन्वय के साथ कार्य करें।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि बीएलओ द्वारा डोर टू डोर विजिट के क्रम में प्रत्येक घरों का मकान संख्या अंकित अवश्य करें इसके साथ साथ जिन मकान का संख्या नहीं है उनका नोशनल नंबर देना अवश्य सुनिश्चित करें जिससे एक घर के मतदाताओं को चिन्हित किया जा सके। उन्होंने मतदाता सूची से सम्बंधित टोल फ्री नंबर 1950, बुक ए कॉल, ईमेल इत्यादि विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों एवं सहयोग का ससमय निराकरण करने का भी निर्देश दिया।

इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी, पाकुड़ श्रीमती मेघा भारद्वाज, राज्य प्रशिक्षण नोडल पदाधिकारी श्री देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुनील कुमार सिंह सहित राज्य के सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी उपस्थित रहे।

*नशा मुक्ति एवं विश्व शांति के लिए डीएवी पाकुड़ में 21 कुंडीय हवन कार्यक्रम का आयोजन*

नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देने के उद्देश्य से डीएवी पब्लिक स्कूल, पाकुड़ के विद्यार्थियों ने शहर में प्रभात फेरी निकाली। इस प्रभात फेरी का नेतृत्व विद्यालय प्राचार्य डॉ विश्वदीप चक्रवर्ती ने किया जिसमें सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रभात फेरी के दौरान बच्चों ने नशे के विरुद्ध जागरूकता संबंधी नारे लगाए और लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। लड़कियों ने लोगों के कलाइयों में राखी बांधकर तोहफे के रूप में उनसे नशा परित्याग करने का वचन लिया।

प्रभात फेरी के बाद विद्यालय परिसर में *विश्व शांति, नशा जागरूकता एवं मानव कल्याण की कामना से 21 कुंडीय हवन कार्यक्रम सह चरित्र निर्माण शिविर* का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्री संजीत कुमार चंद्रा, सी जे एम, पाकुड़ कोर्ट, श्री अरविंद लाल, डी डी सी पाकुड़, एवं श्री राहुल कुमार डी एस ओ पाकुड़ ने हवन कार्यक्रम में भाग लिया एवं श्रद्धा पूर्वक आहुति दी। अपने संबोधन में सी जे एम श्री संजीत चंद्रा जी ने बताया कि डी ए वी में बच्चों को शिक्षा के साथ साथ चरित्र निर्माण पर ज्यादा बल दिया जाता है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में संस्कार की भावना निहित होती है। शहर के गायत्री परिवार के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने श्रद्धापूर्वक हवन में आहुति दी तथा समाज में शांति, सद्भाव और सकारात्मक वातावरण की प्रार्थना की।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि स्वस्थ एवं सुखी समाज के लिए नशे जैसी बुराइयों से दूर रहना तथा आपसी प्रेम, शांति और सद्भाव को बढ़ावा देना आवश्यक है। कार्यक्रम का समापन विश्व शांति एवं सभी के कल्याण की मंगलकामना के साथ हुआ।

*आज का खास: 28 अगस्त दिन शुक्रवार को मनाया जाएगा रक्षाबंधन और संस्कृत दिवस*

*आज का पंचांग 👇*
*आज का अंग्रेजी दिनांक :*
26.08.2026
श्रीसंवत् २०८३ शक: १९४८ याम्यायन सौम्यगोल: वर्षा ऋतु श्रीसूर्य: दक्षिणायन।
हिन्दी माह : श्रावण (सावन)
पक्ष : शुक्ल
तिथि : त्रयोदशी
दिन : बुधवार
नक्षत्र : श्रवण
योग : सौभाग्य
करण : तैतुल/गर
सूर्योदय : सुबह 05:40 बजे।
सूर्यास्त : शाम 06:20 बजे।
ध्यानार्थ…यहां सूर्योदय और सूर्यास्त का समय पंचांग के अनुसार है। अतः स्थानीय समय बदल जायेंगे।
आज का सूर्य : सिंह राशि में।
आज का चंद्रमा : मकर राशि में।
*———————–*
*आज का दिशा शूल :* उत्तर।
*————————*
*आज का राहुकाल :*
मध्याह्न 12:00 बजे से 1:30 बजे तक।
*————————*
*आज पर्व-त्यौहार व मुहूर्त :* आज सावन महीने के शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि है।
*———————–*
*विशेष :* सावन महीने में रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय जाप, अथवा शिव से संबंधित अन्य जप-तप व अनुष्ठान के लिए शिववास देखने की कोई आवश्यकता नहीं है। आपकी श्रद्धा जिस दिन बन जाए उस दिन ही शिव की आराधना कर सकते हैं।
*———————–*
*आज का खास:*
भाई-बहन की पारस्परिक स्नेह, पुण्य और पवित्र पर्व रक्षाबंधन 28 अगस्त दिन शुक्रवार को मनाया जाएगा। इसी दिन श्रावण माह का स्नान-दान का पूर्णिमा होगा। संस्कृत दिवस भी इसी दिन मनाया जाएगा।
*————————-*
आलेख…
*पं. चेतन पाण्डेय*
*जन्मकुण्डली, वास्तु व कर्मकांड परामर्श*
*संपर्क : 9905507766*
*————————*

एंडेवर एकेडमी पाकुड़ में JTET की निःशुल्क मॉक टेस्ट सीरीज, सैकड़ों अभ्यर्थियों ने परखी तैयारी

जिले के बीजीआर माइनिंग एंड इंफ्रा लिमिटेड एवं जिला प्रशासन पाकुड़ के संयुक्त तत्वाधान में संचालित शिक्षण संस्थान एंडेवर एकेडमी पाकुड़ में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) को लेकर निःशुल्क टेस्ट सीरीज का आयोजन किया गया। एंडेवर एकेडमी के निर्देशक विकास तिवारी के मार्गदर्शन में रविवार को आयोजित इस मॉक टेस्ट में जिले के सैकड़ों JTET अभ्यर्थियों ने शामिल होकर अपनी तैयारी का आकलन किया।

संस्थान के निदेशक ने बताया कि JTET को लेकर छात्रों में काफी उत्साह है, लेकिन सही मार्गदर्शन और परीक्षा पैटर्न के अनुरूप अभ्यास की कमी के कारण अभ्यर्थी पिछड़ जाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए एंडेवर एकेडमी द्वारा प्रत्येक रविवार को पूरी तरह निःशुल्क मॉक टेस्ट का आयोजन कराया जा रहा है।

यह टेस्ट बिल्कुल JTET के नवीनतम सिलेबस और पैटर्न पर आधारित होता है। टेस्ट के बाद विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा उत्तर की समीक्षा और डाउट क्लीयरेंस सेशन भी चलाया जाता है।
परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थियों ने इस पहल की सराहना की। अभ्यर्थियों का कहना है कि इस तरह की टेस्ट सीरीज से उन्हें अपनी कमजोरियों को समझने और समय प्रबंधन में काफी मदद मिल रही है।
संस्थान ने जानकारी दी है कि यह निःशुल्क टेस्ट सीरीज आगामी JTET परीक्षा तक प्रत्येक रविवार को जारी रहेगी।इस कोचिंग संस्थान का उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण तैयारी कराना है। विगत तीन वर्षों से संचालित एंडेवर एकेडमी में प्रत्येक वर्ष दर्जनों छात्र छात्राओं ने सफलता हासिल किया है। मौके पर संस्था के प्रिंस प्रकाश, प्रेम प्रताप सिंह, उदय कुमार ,नीरज कुमार राउत समेत भारी संख्या में परीक्षार्थिया शामिल रहे

डालसा सभागार में विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर ‘अकेले नहीं हैं आप, विधिक जागरूकता शिविर का हुआ आयोजन

झालसा रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ के तत्वाधान में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ दिवाकर पांडेय के निर्देश पर डालसा सचिव रूपा बंदना किरो की उपस्थिति में पाकुड़ व्यवहार न्यायालय स्थित डालसा सभागार में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में अकेले नहीं आप कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम में सचिव रूपा बंदना किरो ने कहा कि बुजुर्ग अपने अनुभवों, पारिवारिक परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों को अगली पीढ़ी तक पहुँचाकर अपनी अमूल्य धरोहर को सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।नई पीढ़ी को बुजुर्गों के अनुभवों से सीख लेने बुजुर्गों को सम्मान करने उन्हें अकेलापन से बचाने,एवं उनका सम्मान करना हमारा सबसे बड़ा कर्तव्य है। इस दौरान विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस पर उनके महत्व और गहराई पर प्रकाश डाला गया।लीगल एड डिफेंस कॉन्सिल सिस्टम के चीफ़ सुबोध कुमार दफादार ने बुजुर्गों से संबंधित उनके कानूनी अधिकार एवं योजनाओं पर जागरूक किया। वहीं एलएडीसीएस के डिप्टी चीफ मो नुकुमुद्दीन शेख ने इस दिवस के मानने के उद्देश्य पर लोगों को जागरूक किया। इंडियन नेशनल एसोसिएशन के अध्यक्ष जेड एच विश्वास ने बुजुर्ग के अधिकार, उनके साथ समय बिताने के साथ साथ बताया कि हम जिस अवस्था में अभी है वो पहले ही इस अवस्था से गुजर चुके हैं बुजुर्गों के बीच समय बिताने से हमे उनके तजुर्बा का लाभ मिलेगा। इस दौरान एऐन पाकुड़ के अध्यक्ष अजीजुल रियाज़ सोनाजोड़ी के मुखिया सुकन्या मरांडी,वरिष्ठ नागरिक मौलाना असगर अली, सिराजुल अंसारी एवं अखिल भारतीय गरीब दलित सेवा संग के अध्यक्ष आलियारा खातून ने भी अपने विचार को रखा और एक सकारात्मक संदेश दिया। आज के इस कार्यक्रम में बुजुर्गों के सम्मान में गुलाब देकर स्वागत किया गया। मौके पर डालसा कर्मी उप मुखिया विनोद कुमार पंचायत सचिव राधेश्याम मंडल, पैरा लीगल वॉलिंटियर्स पिंकी मंडल, विजय राजवंशी, उत्पल मंडल नीरज कुमार राउत, समेत लोग उपस्थित रहें।

*स्थाई लोक अदालत से मिलने वाले जन उपयोगी सेवाओं से संबंधित मामलों पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन*

झालसा रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ के तत्वाधान में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ दिवाकर पांडेय के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ के सचिव रूपा बंदना किरो के देख रेख में झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक हिरणपुर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया उक्त कार्यक्रम में स्थाई लोक अदालत के अध्यक्ष अशोक कुमार शुक्ला सदस्य, मो अबरारुल हक़, राजीव कुमार झा, ब्रांच मैनेजर अभिजीत दास मौजूद रहे। इस दौरान स्थाई लोक अदालत के अध्यक्ष अशोक कुमार शुक्ला ने बताया कि स्थाई लोक अदालत में पक्षकारों के बीच सुलह समझौते के आधार पर मामलों का निष्पादन किया जाता हैं जिसमें बिजली संबंधित ,बीमा सेवा विवाद एवं अन्य जनोपयोगी सेवाओं से संबंधित विवाद का समाधान सौहार्दपूर्ण तरीका से कराया जाता है। निःशुल्क कानूनी सहायता जनोपयोगी सेवाओं से संबंधित विवादों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान करना स्थाई लोक अदालत की प्रथमिकता है। इस दौरान स्थाई लोक अदालत के सदस्य मो अबरारुल हक़ द्वारा बताया गया कि गरीब, महिला, बच्चे, एससी, एसटी, दिव्यांग, समेत योग्य व्यक्ति सुलह योग्य मामलों का लाभ लेने की प्रक्रिया पर प्रकाश डाला गया। स्थाई लोक अदालत के सदस्य राजीव कुमार झा ने बताया गया कि त्वरित न्याय, सरल प्रक्रिया,पक्षकारों के बीच समझौते को बढ़ावा,न्याय तक आसान पहुँच के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ में आवश्यक दस्तावेज जमाकर आवेदन के माध्यम लाभ लेने की जानकारी दी गई। इस दौरान वक्ताओं ने बैंकिंग सुविधाओं एवं सेवाओं पर विस्तृत जानकारी दी। मौके पर बैंक कर्मी, बैंक ग्राहकों एवं आमजन के साथ पैरा लीगल वॉलिंटियर्स मिरु बेसरा एवं मोलिता कुमारी उपस्थित रहें।

*पाकुड़ प्रखंड एवं माय भारत युवा केंद्र में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन*

झालसा रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ के तत्वाधान में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ दिवाकर पांडेय के निर्देश पर डालसा सचिव रूपा बंदना किरो के मार्गदर्शन में आज पाकुड़ प्रखंड परिसर एवं माई भारत युवा केंद्र में युवा विधिक साक्षरता माह के दौरान विधिक सहायता सुविधा डेस्क के तहत युवाओं को जागरूक किया गया। उक्त कार्यक्रम की शुरुआत जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ के अधिकार मित्र सह पीएलवी कमला राय गांगुली, नसीम अंसारी, माई भारत युवा केंद्र पाकुड़ के सहायक नूर आलम अंसारी, नेशनल एसोसिएशन के अध्यक्ष जेड एच विश्वास छात्रा एवं सामाजिक कार्यकर्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। उक्त कार्यक्रम में पैरा लीगल वॉलिंटियर्स कमला राय गांगुली ने बताया कि डीएलएसए द्वारा अगस्त 2026 के महीने को युवाओं के लिए कानूनी साक्षरता को बढ़ावा देने, कानून के साथ संघर्ष में फंसे किशोरों के अधिकारों की रक्षा करने, कानूनीतौर पर सहायता को मजबूत करने के लिए एक समर्पित अवधि के रूप में मानने एवं ये सुनिश्चित करने के लिए कि निःशुल्क, सुलभ और समय पर कानूनी सहायता जमीनी स्तर तक पहुंचे इस उद्देश्य से सुविधा डेस्क के माध्यम से युवा आगंतुकों और छात्रों को मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों पर निवारक कानूनी परामर्श और मार्गदर्शन प्रदान करना ताकि समाज के मुख्य धारा से जुड़े रहे। वहीं पैरा लीगल वॉलिंटियर्स नसीम अंसारी एवं नीरज कुमार राउत ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ से मिलने वाले नि:शुल्क कानूनी सहायता एवं नालसा/झालसा योजनाओं, कानूनी सहायता प्रक्रिया और पीड़ित मुआवजे के बारे में जागरूकता किया। इंडियन नेशनल एसोसिएशन के अध्यक्ष जेड एच विश्वास ने युवाओं को शिक्षा, खेल और शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य रहने को लेकर मुख्य बिंदु पर जागरूक किया। इस दौरान कार्यक्रम में माई भारत युवा केंद्र पाकुड़ के तरफ से फुटबॉल देकर युवाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही कानून के प्रति जागरूक रहने का अपील किया गया। मौके पर डालसा के प्रतिनिधि, माय भारत युवा केंद्र के सहायक इंडियन नेशनल एसोसिएशन के अध्यक्ष सामाजिक कार्यकर्ता के साथ युवा वर्गों के छात्रा रुकैया खातून, अमीना खातून, नबीला खातून , जिन्नतुन बीवी, आलियारा,खातून हाजरा बीवी, सुनीता मुर्मू राकीम खातून ,कमला कर्मकार, वहीदा खातून फजर शेख उपस्थित रहें।